अगर पेंशन चाहिए तो ये काम पहले करना जरूरी होगा। इसके अलावा कुछ शर्तों के साथ कुछ लाभार्थियों को छूट मिलेगी।
जिले में आधार कार्ड लिंक नहीं होने के कारण समाज कल्याण विभाग की ओर से दी जाने वृद्धावस्था, विधवा और विकलांग (दिव्यांग) पेंशन योजनाओं के 1438 लाभार्थियों की पेंशन रुक गई है। आधार कार्ड लिंक नहीं कराने वाले पेंशन लाभार्थियों को बीते तीन माह से पेंशन की धनराशि का भुगतान नहीं हो सका है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी बंशीधर पंत के अनुसार पेंशन लाभार्थियों के आधार लिंक कराए जाने का कार्य लगातार जारी है। वृद्धावस्था पेंशन के 12,881 लाभार्थियों में से 929, विधवा पेंशन के 5316 लाभार्थियों में से 356 और विकलांग पेंशन के 2043 लाभार्थियों में से 153 लाभार्थियों के आधार लिंक होना शेष हैं।
आंकड़ों पर गौर करें तो विकलांग पेंशन के लाभार्थी आधार लिंक कराने में सबसे आगे हैं। सभी लाभार्थियों को डाक के माध्यम से तत्काल अपने आधार नंबर विभाग को उपलब्ध कराने के लिए सूचित किया जा रहा है। अभी आधार नंबर लिंक कराने के लिए अंतिम तिथि का निर्धारण नहीं किया गया है। लाभार्थी अपनी सुविधा के अनुसार आधार लिंक करा सकते हैं।