कारोबार में निवेश के नाम पर शिमला बाईपास की रहने वाली प्रियंका पंत के साथ 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी राहुल जिंदल और उसके दो साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसएचओ पटेलनगर चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि प्रियंका पंत और राहुल जिंदल की पुरानी जान-पहचान थी। प्रियंका का आरोप है कि राहुल जिंदल ने फर्जी गोल्ड बिजनेस में निवेश के नाम पर उनके खाते से 40 लाख रुपये निकलवा लिए। उसने प्रियंका से कहा था कि वह इस कारोबार में उन्हें भी शामिल करेगा। लेकिन, काफी समय तक कोई कारोबार दिखाई नहीं दिया न ही राहुल ने कोई संपर्क किया। प्रियंका ने जब राहुल जिंदल को फोन किया तो उसने उन्हें ब्लॉक कर दिया। आरोप है कि राहुल जिंदल के साथ उसके दो साथी कुकू और चरनजीत कौर भी शामिल थे। एसएचओ ने बताया कि मामले में प्रियंका और राहुल दोनों के खातों की जांच की जा रही है। सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।