-टिहरी से भराड़ीसैंण के लिए भरी थी उड़ान
-पायलट ने जीवीके हेलिपैड पर हेलिकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग की
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) के हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने से श्रीनगर के जीवीके हेलिपैड पर इमरजेंसी लैंडिंग की गई। पायलट की सुझबूझ से हेलिकॉप्टर को सुरक्षित उतारा गया। रविवार को राज्यपाल सरकारी हेलिकाॅप्टर से टिहरी से भराड़ीसैंण जा रहे थे। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने जांच के लिए टीम मौके पर भेज दी है।
टिहरी में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राज्यपाल सरकारी हेलिकॉप्टर से भराड़ीसैंण जा रहे थे। टिहरी से उड़ान भरने के बाद हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी के संकेत मिलने पर पायलट ने सूझबूझ के साथ श्रीनगर गढ़वाल के जीवीके हेलिपैड पर आपात लैंडिंग की। सोमवार से भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र शुरू हो रहा है। सत्र में अभिभाषण के लिए राज्यपाल भराड़ीसैंंण जा रहे थे।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि हेलिकॉप्टर की 100 घंटों के लिए मेंटीनेंस थी। मामूली तकनीकी खराबी के चलते वीआईपी सुरक्षा मानकों के कारण श्रीनगर में लैंडिंग की गई। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को मौके पर भेजा गया है। वास्तविक रूप से हेलिकॉप्टर में किस तरह की तकनीकी खराबी आई, यह जांच के बाद ही पता चलेगा।