Iघटना स्थल से 200 मीटर आगे बरामद हुआ शवI
नहाने के दौरान नौ वर्षीय बालक यमुना नदी में बह गया। एसडीआरएफ और कोतवाली पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को घटना स्थल से करीब 200 मीटर आगे बरामद कर लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहाड़ी गली निवासी रेनू दास का पुत्र संदीप बीते रविवार की शाम से लापता था। जब वह देर शाम तक नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। सुबह होने पर परिजन बाजार चौकी पहुंचे। जिसके बाद पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू की।
भीमावाला-नावघाट के समीप यमुना नदी किनारे संदीप के कपड़े मिले। जिस पर उसके नदी में बहने की आशंका हुई। एसडीआरएफ के जवानों को मौके पर बुलाया गया। करीब छह घंटे चले ऑपरेशन के बाद शव को दोपहर करीब 2:30 बजे बरामद कर लिया गया।
कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि जांच में पता चला कि मृतक संदीप बीते रविवार की शाम को दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया हुआ था। इस दौरान वह गहरे पानी में उतर गया। देखते ही देखते वह नदी की तेज धारा में बहने लगा। यह देख उसके दोस्त घबरा गए और वहां से भाग खड़े हुए। घटना स्थल के समीप स्थित शनिधाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में मृतक का एक दोस्त भागता हुआ भी नजर आया है।
Iसात भाई बहनों में सबसे छोटा था संदीपI
संदीप सात भाई बहनों में सबसे छोटा था। उसकी पांच बहने और एक भाई है। उसकी मौत से घर में कोहराम मच गया है। वह प्राइवेट स्कूल में कक्षा चौथी का छात्र था। उसके पिता मूल रूप से कालसी तहसील के निथला गांव के रहने वाले हैं। विकासनगर में किसी के यहां काम करते हैं।