राजपुर रोड स्थित एक फ्लैट में योगी कमल प्रकाश नौटियाल समाधि की मुद्रा परलोक सिधार गए। फ्लैट के अंदर से शुक्रवार को बदबू आई तो पुलिस बुलाकर दरवाजा तोड़ा गया। माना जा रहा है कि योगी की मौत कई दिन पहले हो चुकी है। मुंबई में रहने वाली पत्नी और बेटी के शनिवार को दून आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डालनवाला की हाथी बडकला चौकी पुलिस को शुक्रवार शाम राजपुर रोड स्थित दून पैराडाइज अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 101 में बदबू आने की शिकायत मिली। बताया कि फ्लैट में केपीएन किशोर योगीराज (63) रहते है। कई दिन से वो नजर नहीं आए है, जबकि उनकी कार पार्किंग में खड़ी है। पुलिस ने मौके पर जाकर दरवाजा तोड़ा गया तो योगीराज का शव बेड से लगकर समाधि की मुद्रा में मिला।
कई दिन पुराना होने के कारण शव से बदबू आ रही थी। पुलिस ने फ्लैट की बारीकी से जांच पड़ताल की तो सब कुछ सामान्य मिला। कैश, ज्वेलरी आदि सामान सुरक्षित था। चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि योगीराज का शव कई दिन पुराना है। योगीराज मूल रुप से हल्द्वानी क्षेत्र के रहने वाले है। मुंबई में रहने वाली योगीराज की पत्नी और बेटी को मौत की जानकारी दे दी गई है। कमरे से हार्ट संबंधी कागजात भी मिले है।