- क्षेत्रवासियों में दहशत का वातावरण
संवाद न्यूज एजेंसी
चकराता। छावनी कार्यालय के समीप स्थित अमोली मोहल्ले में गुलदार के लगातार दिखाई देने से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। दो–तीन दिनों से रिहायशी इलाके में रात के समय गुलदार की चहलकदमी हो रही है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग व कैंट प्रशासन से शीघ्र सुरक्षात्मक कदम उठाने की मांग की है।
स्थानीय निवासी मनोज कुमार, विनय शर्मा, नारायण कोठारी, राजेंद्र थापा, मुकेश कुमार आदि ने बताया तीन जनवरी की रात गुलदार क्षेत्र से एक कुत्ते को उठाकर ले गया। इसके अलावा कई बार गुलदार पास के पार्क की मुंडेर पर बैठा दिखाई दिया है। उन्होंने बताया गुलदार की मौजूदगी से न सिर्फ क्षेत्रवासी भयभीत हैं बल्कि, बाजार भी जल्दी बंद हो रहे हैं। छावनी परिषद के प्रभारी रेंजर सुधांशु साध ने बताया मामले की जानकारी वन विभाग को दे दी जाएगी। वहीं डीएफओ वैभव कुमार ने बताया गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीम गठित की जाएगी। प्रभावित क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाए जाएंगे और स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।