पिता के लिए दवा लेने जा रही स्कूटर सवार युवती को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल हुई युवती की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। वहीं, आरोपी चालक भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
विज्ञापन
हादसा शनिवार सुबह साढ़े दस बजे निरंजनपुर मंडी चौक के पास हुआ। मृतक युवती की पहचान राइसा बेग सिंह (32) पुत्री दिलबाग सिंह निवासी सुभाष नगर के रूप में हुई है। युवती शनिवार को स्कूटर से अपने पिता के लिए दवा लेने जा रही थी। जैसे ही वह चौक के पास पहुंची तो उसके स्कूटर को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी।
मौके पर मौजूद लोगों ने युवती को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएसआई पटेलनगर मोहन सिंह ने परिजनों से बातचीत के आधार पर बताया कि युवती वर्तमान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।