गुड़गांव से दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए कोटद्वार पहुंची एक युवती की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा मंगलवार तड़के चार बजे, उस वक्त हुआ, जब युवती अपने परिचित युवक की बाइक में बैठकर भाबर के झंडीचौड़ गांव जा रही थी।
बाजार चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि गुड़गांव 1506 एचपीसी सेक्टर-31 निवासी सौम्या यादव (22) पुत्री राजेश यादव मंगलवार सुबह करीब चार बजे कोटद्वार बस अड्डे पर उतरी।
यहां उसने अपने परिचित हिमांशु को फोन कर उसे झंडीचौड़ छोड़ने का आग्रह किया। पुलिस ने बताया कि सौम्या अपने दोस्त बलबिंदर निवासी झंडीचौड़ की शादी में शामिल होने के लिए आई थी। कोटद्वार के गोविंदनगर निवासी हिमांशु और बलबिंदर उसके साथ गुड़गांव में फोटोग्राफी का काम करते थे।
तड़के करीब साढ़े चार बजे हिमांशु सौम्या को अपनी बाइक में बिठाकर झंडीचौड़ के लिए चल दिया। जैसे ही उनकी बाइक देवी रोड पर तड़ियाल चौक के समीप पहुंची। इस बीच विपरीत दिशा से आ रही एक मैक्स से उनकी भिड़ंत हो गई। की चपेट में आ गई। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
इससे सौम्या के सिर पर गंभीर चोट आ गई। आसपास के लोग उसे सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दिल्ली उसके परिजनों को घटना की सूचना दी।
शव लेने के लिए दिल्ली से सौम्या का बड़ा भाई मनु यादव कोटद्वार पहुंचा। अस्पताल में बहन का शव देखकर वह बिलख पड़ा। मनु ने बताया कि उसकी छोटी बहन सौम्या ग्रेजुएशन कर रही थी। उसे फोटोग्राफी का भी शौक था। वे दो ही भाई बहन थे। बहन साथ छोड़ गई। पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद मनु अपनी बहन का शव लेकर दिल्ली रवाना हो गया।