साइबर ठगों ने कालसी के कपड़ा व्यापारी के बैंक खाते से 7.25 लाख रुपये निकाल लिए। व्यापारी का आरोप है कि निजी बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से उनके साथ ठगी की गई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में कालसी के हरिपुर निवासी वांगचुक छिरिंग ने बताया कि 23 जुलाई को उनके मोबाइल पर कई मैसेज आया था। इसमें खाते से सात बार में 7.25 लाख रुपये निकाले गए थे। उन्होंने जब विकासनगर स्थित निजी बैंक की शाखा में जाकर जानकारी मांगी तो अधिकारियों ने गोलमोल जवाब दिया। इसके बाद 1930 (साइबर क्राइम टोल फ्री नंबर) नंबर पर शिकायत दर्ज करवाई। पीड़ित ने बताया कि उनके साथ साइबर धोखाधड़ी की गई है। उन्होंने अपना बैंक खाता भी बंद करवा दिया है। उन्होंने कहा कि बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।