ढकरानी बिजलीघर से निर्माणाधीन लखवाड़ जल विद्युत परियोजना को विद्युत आपूर्ति देने वाली 33 केवीए की विद्युत लाइन नवाबगढ़ में अचानक टूटकर गिर गई। लाइन के ग्रामीण विद्युत लाइन पर गिरने से आसपास के घरों में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फुंक गए। वहीं, लगभग डेढ़ घंटे तक लाइन में आग लगी रहने से नवाबगढ़ व डाकपत्थर रोड पर ग्रामीणों की आवाजाही बाधित रही।
शुक्रवार की सुबह नवाबगढ़ गांव को डाकपत्थर रोड से जोड़ने वाली सड़क के ऊपर से गुजर रही लखवाड़ जल विद्युत परियोजना की 33 केवीए की बंच केबल अचानक से टूटकर सड़क पर गिर गई। विद्युत लाइन के गिरते ही आग लग गई और यातायात ठप हो गया। उधर ग्राम निवासी धन बहादुर क्षेत्री, मोहन सिंह, नीटू, चोटी, रेशम, शन्नो आदि के घरों में लगे पंखे, पानी की मोटर, फ्रिज, कूलर, बिजली के मीटर, मिक्सर, इन्वर्टर आदि फुंक गए।
ग्राम प्रधान शाहना बेगम ने लाइन के टूटने की सूचना जल विद्युत निगम को दी। उन्होंने बताया कि सूचना के लगभग डेढ़ घंटे के बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर विद्युत आपूर्ति को बंद कराया। जल विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता दीपेंद्र सिंह चौहान ने बताया लाइन को ठीक कराने का कार्य जारी है, जिसके लिए शनिवार की दोपहर तक का शटडाउन लिया गया है। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय के भीतर लाइन को ठीक करा लिया जाएगा। वहीं, लखवाड़ जल विद्युत परियोजना के निर्माण संबंधी कार्य के लिए विद्युत आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था होने के कारण परियोजना का कार्य प्रभावित नहीं होगा।