उत्तराखंड के फुटबाल रेफरी प्रताप सिंह पटवाल को बेस्ट रेफरी ऑफ द ईयर चुना गया है। ऑल इंडिया फुटबाल फेडरेशन ने वर्ष 2012-13 के दौरान खेले गए राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिताओं में बेदाग निर्णयों के लिए प्रताप पटवाल को साल के सर्वश्रेष्ठ रेफरी के सम्मान से नवाजने की घोषणा की है।
कई प्रतियोगिताओं में टीम का प्रतिनिधित्व
मूलरूप से रामनगर (नैनीताल) के पिरुमदारा गांव निवासी प्रताप सिंह पटवाल वर्तमान में प्रेमनगर में रहते हैं। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने बताया कि वर्ष 1990 में सर्विसेज (नेवी) के लिए मिडफील्डर के रूप में कई मैच खेले। खेल की शुरुआत करने के बाद प्रताप ने राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में टीम का प्रतिनिधित्व किया। 1998 में उन्होंने पहली बार मैदान में रेफरी की भूमिका निभाई।
2004 तक खेलने के साथ ही कई मैचों में रेफरी भी बनें। इसके बाद उन्होंने बतौर रेफरी देश के कई नामी फुटबाल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। प्रताप पटवाल ने बताया कि वे अभी तक करीब 300 राष्ट्रीय स्तर और 75 से 80 अंतरराष्ट्रीय फुटबाल मैच खिला चुके हैं।
ऑल इंडिया फुटबाल फेडरेशन से जुड़े
वर्ष 2012 में वे प्रोफेसनल रेफरी के रूप में ऑल इंडिया फुटबाल फेडरेशन से जुड़े। वर्ष 2012-13 में उन्होंने डूरंड कप, आई लीग, फेडरेशन कप, संतोष ट्रॉफी सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर के फुटबाल टूर्नामेंटों में रेफरी की भूमिका निभाई है। ऑल इंडिया फुटबाल फेडरेशन द्वारा उनको साल का सर्वश्रेष्ठ रेफरी चुने जाने पर उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए अहम क्षण है। इससे मुझे अब अन्य टूर्नामेंटों में बेहतर रिजल्ट के लिए प्रेरणा मिलेगी। यह मेरे लिए अनमोल पुरस्कार है
खबर पर राय देने के लिए क्लिक करें