विकासनगर और सहसपुर ब्लॉक के 97 सरकारी विद्यालयों को जल्द कुर्सी-मेज उपलब्ध होने जा रहे हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश के बाद दोनों ब्लाकों में कुर्सी-मेज पहुंचने लगे हैं। 15 मार्च तक सभी स्कूलों में फर्नीचर उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। अब बच्चे आराम से बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे।
विकासनगर और सहसपुर ब्लॉक के कई विद्यालयों में कुर्सी और मेज की लंबे समय से कमी चल रही थी। इस कारण छात्र-छात्राओं को बैठने में परेशानी झेलनी पड़ रही थी। मेज-कुर्सी सटाकर या फिर दरी पर बैठना पड़ रहा था। अब इन समस्याओं से जल्द छुटकारा मिलने वाला है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी सरकारी विद्यालयों में कुर्सी-मेज उपलब्ध करवाने की पहल की है। खंड शिक्षा अधिकारी विकासनगर विनिता नेगी कठैत ने बताया कि ब्लॉक में 41 ऐसे विद्यालय हैं, जहां कुर्सी-मेज की कमी चल रही है। विभाग इन विद्यालयों को मांग के अनुसार 447 कुर्सी-मेज उपलब्ध कराने जा रहा है।
खंड शिक्षा अधिकारी सहसपुर कुंदन सिंह ने बताया कि सहसपुर ब्लॉक में 56 ऐसे विद्यालय हैं, जहां कुर्सी-मेज की कमी चल रही थी। इन विद्यालयों को विभाग 537 कुर्सी-मेज उपलब्ध करवा रहा है।