ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून
होली के दौरान चालकों-परिचालकों और बसों की कमी से निपटने के लिए परिवहन विभाग ने प्रोत्साहन भत्ता देने की पहल की है। इस संबंध में परिवहन निगम महाप्रबंध ने आदेश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही आदेश में कुछ शर्तें भी लगाई हैं।
परिवहन निगम महाप्रबंधक दीपक जैन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक प्रोत्साहन भत्ता सिर्फ उन्हीं को दिया जाएगा जो एक दिन का अवकाश (होली) लेकर 15 से 25 मार्च तक लगातार बसों का संचालन सुनिश्चित कराएंगे। इसके तहत मैदानी क्षेत्र में 2420 किमी (प्रतिदिन 242 किमी), मैदानी और पर्वतीय दोनों मिलाकर औसतन 2000 किमी बस चलाने वाले और पर्वतीय इलाकों में 1800 किमी बस चलाने पर एक हजार रुपये का प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा। वहीं एक भी दिन अवकाश नहीं लेकर नियमित बसों का संचालन करने पर 1100 रुपये प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा।
होली के दिन बस संचालित करने 100 रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा। भत्ता नियमित चालकों-परिचालकों के साथ ही संविदा व आउटसोर्स चालकों-परिचालकों को भी दिया जाएगा। इसके अलावा डिपो कार्यशाला में तकनीकी कर्मचारियों, संचालन कार्य में लगे डीजल लिपिक, समयपाल, कैशियर, स्टोर कीपर जैसे कर्मचारियों को 11 दिन लगातार कार्य करने वाले कर्मचारियों को 750 रुपये का प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा। लगातार 10 दिन ड्यूटी वाले कर्मचारियों को 500 रुपये प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा।