ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
डीआईटी यूनिवर्सिटी ने एसएसबी क्लब को हराकर पूरे अंक हासिल किए। शहर में चल रही 72वीं क्रिकेट लीग में बृहस्पतिवार को स्पोर्ट्स कॉलेज के ग्राउंड पर पहले खेलते हुए डीआईटी ने आदर्श गुप्ता के 26, अजय के 24, श्रीश के 20 व पी. कुमार के 13 रनों की दम पर 32.1 ओवर में पूरे विकेट पर 154 रन बनाए। विपक्षी टीम ने 42 रन अतिरिक्त में लुटाए।
एसएसबी क्लब के गेंदबाज ऋषभ ने चार और अविनाश ने तीन विकेट चटकाए। जवाब में उतरी एसएसबी क्लब की टीम जीत से 18 रन दूर रह गई। पूरी टीम ने मिलकर 25.2 ओवर में 136 रन बनाए। टीम के लिए विकाश ने 67 रनों की पारी खेली। संजय ने 27, दीपांशु ने 15 व अविनाश ने 13 रनों का योगदान दिया। डीआईटी की ओर से प्रभात ने पांच और शिवम व पी. कुमार ने दो-दो विकेट चटकाए।