ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
लखनऊ में आयोजित जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण व एक कांस्य पदक अपने नाम किया। अंडर-19 महिला युगल के फाइनल में उत्तराखंड की अदिति भट्ट ने अपनी जोड़ीदार गोवा की तनिषा के साथ खेलते हुए उत्तर प्रदेश की जोड़ी को 21-13 व 21-10 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले सेमीफाइनल में अदिति की जोड़ी ने महाराष्ट्र की सिमरन व रितिका की जोड़ी को 21-14, 17-21 व 21-10 से हराया था। वहीं, अंडर 19 पुरुष युगल में ध्रुव रावत ने अपने जोड़ीदार मध्य प्रदेश के अलाप मिश्रा के साथ खेलते हुए कांस्य पदक जीता। अदिति भट्ट और ध्रुव के इस उपलब्धि पर बीएस मनकोटी, अलकनंदा अशोक, प्रशांत जोशी, डीके सेन ने बधाई दी है।
नियुक्ति देने के लिए मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे शिक्षा मित्र
देहरादून। नियुक्ति देने की मांग पर प्रशिक्षित शिक्षा मित्र महासंघ का धरना प्रदर्शन व कार्य बहिष्कार शनिवार को भी जारी रहा। शिक्षामित्रों ने जल्द शासनादेश नहीं होने पर आंदोलन तेज करने और मुख्यमंत्री आवास कूच करने की चेतावनी दी है। परेड ग्राउंड स्थित धरनास्थल पर महासंघ के अध्यक्ष खजान सिंह चौहान के नेतृत्व में जुटे शिक्षामित्रों ने कहा कि लगातार संधर्ष करने के बाद भी सरकार उनके हितों के लिए कोई ठोस नीति तैयार नहीं कर रही है।