गांधी पार्क में अव्यवस्थाएं देख बिफरे मेयर
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। गांधी पार्क में व्याप्त अव्यवस्थाओं को देख मेयर सुनील उनियाल गामा बिफर पडे़। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द ही पार्क को गंदगी मुक्त किया जाए। मंगलवार सुबह मेयर गामा ने गांधी पार्क का औचक निरीक्षण किया, जहां गंदगी देख वह भड़क गए। इस दौरान उन्होंने पार्क में टहल रहे लोगों से बात कर उनकी समस्याएं भी जानीं।
मेयर सुबह करीब साढे़ सात बजे ही शहर के सबसे बड़े पार्क का हाल जानने पहुंचे। वहां गंदगी देख गामा ने नगर आयुक्त को फोन पर निर्देश दिए कि जल्द ही पार्क में सफाई की जाए। साथ ही पार्क में आने वाले लोगों के लिए पानी और बैठने की व्यवस्था की जाए। गामा ने पार्क के पुराने शौचालय को तोड़कर आधुनिक तरीके से बनाने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने पार्क में टहल रहे लोगों से बात कर उनकी समस्याएं भी जानीं और समाधान करने का आश्वासन दिया।
मेयर गामा ने निर्देश दिए हैं कि चिल्ड्रन पार्क का शौचालय सुबह दस बजे तक आम लोगों के लिए खोला जाए। उन्होंने कहा कि चिल्ड्रन पार्क की एंट्री फीस को कम करने पर भी विचार किया जाएगा, जिससे पार्क में आने वालों की संख्या में इजाफा हो सके। चिल्ड्रन पार्क को भी दर्शनीय बनाया जाएगा।