ब्यूरो/अमर उजाला, पिरान कलियर
सालाना उर्स के आखिरी दिन कलियर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने साबिर पाक की दरगाह पर चादर पेश कर मुल्क में अमन चैन की दुआ मांगी। उन्होंने कहा कि साबिर पाक में उनकी गहरी आस्था है और यहां आकर दिली सुकून मिलता है।
देहरादून में आयोजित होने जा रही अंतरराष्ट्रीय ताईक्वांडो चैंपियनशिप में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने जा रहे शाहनवाज हुसैन रात 8.30 बजे पिरान कलियर पहुंचे। यहां उन्होंने दरगाह पर चारपोशी की। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कलियर शरीफ के विकास के लिए राज्य सरकार से बात की जाएगी। कलियर को नेशनल हाईवे से जोड़ने के लिए केंद्र परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से वार्ता करेंगे। वहीं, उन्होंने पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव के सवाल पर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कहा कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा ही जीतेगी। उन्होंने कहा कि राजनीति में जिस तरह की भाषा इस्तेमाल हो रही है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेसी नेता जाति को लेकर बयान दे रहे हैं। प्रधानमंत्री के माता-पिता को घसीटकर मर्यादा तोड़ी जा रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि हर चुनाव से पहले प्रधानमंत्री को अपमानित किया जाता है। इसके बावजूद सभी पांच राज्यों में भाजपा बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जाति और धर्म के नाम पर वोट मांग रही है और हम समाज को जोड़कर वोट मांग रहे है। इस मौके पर वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष हाजी राव शराफत, शायर अफजल मंगलौरी, शाह खालिक मियां, हाजी सलीम, राव जीशान, सूफी राशिद साबरी, अजहर प्रधान, मोहसिन सिद्दीकी, जमाल मौजूद थे।