ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
निकाय चुनाव प्रक्रिया के तहत नगर निगम परिसर के नए प्रशासनिक भवन में शनिवार को भी नामांकन पत्र लेने वालों की भीड़ रही। विभिन्न वार्डों से पार्षद पद के दावेदारों ने शनिवार को 309 नामांकन पत्र खरीदे। अब तक कुल 839 नामांकन पत्र बिक चुके हैं।
बता दें, इस बार नगर निगम दून के 100 वार्डों के लिए चुनाव होगा। चुनाव प्रक्रिया के लिए नगर निगम परिसर के नए प्रशासनिक भवन में व्यवस्था की गई है। यहां शनिवार को सबसे ज्यादा 63 नामांकन पत्र कमरा नंबर पांच से बिके। सबसे कम 27 फार्म सात नंबर कमरे से बिके। कमरा नंबर एक में वार्ड एक से 15 तक के लिए 46 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। कमरा नंबर दो और तीन से 47-47 दावेदारों ने नामांकन पत्र लिए। कमरा नंबर चार से 30 नामांकन पत्र बिके। सर्वाधिक 63 नामांकन पत्र कमरा नंबर पांच से बिके। इसके अलावा कमरा नंबर छह से 49 तथा कमरा नंबर सात से 27 दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे।