आज जागृति फाउंडेशन में करें रक्तदान
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। राजपुर रोड स्थित जागृति फाउंडेशन कार्यालय में बुधवार को रक्तदान कर पुण्य अर्जित किया जा सकता है। जागृति फाउंडेशन, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ब्लड बैंक और अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें लोगों को सुरक्षित रक्तदान के संबंध में जानकारी भी दी जाएगी।
फाउंडेशन के निदेशक प्रीत कोहली ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से नियमित तौर पर रक्तदान शिविर आयोजित कर रहे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में रक्तदाता शामिल होते हैं। समाज के जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध करवाने में इन रक्तदाताओं का अहम योगदान है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में 133 बार रक्तदान कर चुके अनिल वर्मा को ‘उत्तराखंड रक्तदाता शिरोमणि अवार्ड-2018’ सम्मान दिया जाएगा। अनिल वर्मा 65 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं। शिविर में वह आखिरी बार रक्तदान भी करेंगे। प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने स्थानीय लोगों से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि आयोजन में रोटरी इंटरनेशनल सेंट्रल देहरादून, ऑल इंडिया वूमंस कांफ्रेंस (मेन), भारत विकास परिषद समेत अन्य संस्थाएं सहयोग कर रही है।
--
14 को अमेजन में लगेगा शिविर
देहरादून। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ब्लड बैंक और अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार 14 सितंबर को अमेजन इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इंस्टीट्यूट के चेयरमैन सुदेश शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर रक्तदान जागरूकता को लेकर पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।