ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
देश में पोर्न साइट्स बैन करने के समर्थन में आर्गनाइजेशन फॉर ह्यूमन राइट्स एंड एन्वायरमेंट (ओहरे) ने लोगों से हस्ताक्षर कराए। रविवार को परेड ग्राउंड में हस्ताक्षर अभियान में महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। राहगीरों ने भी पोर्न साइट्स के विरोध में हस्ताक्षर कर अभियान में हिस्सा लिया।
संस्था के अध्यक्ष भास्कर चुग ने बताया कि अभियान के तहत पांच मीटर के बैनर में लोगों ने हस्ताक्षर कर अश्लीलता परोसने वाली वेबसाइटों को पूर्ण प्रतिबंध करने की मांग की। आने वाले दिनों में शहर और ग्रामीण इलाकों में हस्ताक्षर अभियान चलाए जाएंगे। हस्ताक्षर वाले बैनर को पीएम नरेंद्र मोदी को सौंपकर पोर्न साइट्स को प्रतिबंधित करने की मांग की जाएगी। उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि हाल में कई वारदात हुई, जिनमें नाबालिगों ने दुष्कर्म किया है। इसका मुख्य कारण इंटरनेट पर आसानी से पोर्न उपलब्ध होना है। इस दौरान मनोज चौधरी, राजेश कुमार, राजेश शर्मा, नरेश कुमार, इंदु सिंह, मनोज कुमार, पूजा, सुनीता, दीपिका, रविंद्र, नीलम, अनीता, सुमन मौजूद रहे।