ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
रिस्पना से ऋषिपर्णा महाअभियान के तहत पौधरोपण के लिए रविवार को कैरवान गांव और मोथरोवाला में जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह आठ बजे से ही भीड़ उमड़ने लगी। बच्चे, बुजुर्ग, युवा और जवान सभी पौधे लगाने के लिए लालायित नजर आए। उत्साह इतना कि बारिश भी उनके हौसलों को डिगा नहीं पाई। बारिश के बीच उन्होंने फावड़े से गड्ढे खोदे और फिर पौधे रोपे। सुबह 8.30 बजे से शुरू हुआ पौधरोपण का सिलसिला करीब 12 बजे तक चला। इसके बाद भी कुछ लोग पौधे रोपते दिखे। शिखर फॉल से मोथरोवाला तक करीब 30 किमी क्षेत्र में बनाए गए 50 से अधिक सेक्टरों में मुख्यमंत्री के नेतृत्व शासन-प्रशासन के अधिकारियों, स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं, संस्थाओं, एनजीओ, केंद्रीय संस्थाओं के साथ ही सरकारी विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों ने पौधे लगाकर अभियान में योगदान दिया। इस दौरान हम सबका यही सपना, रिस्पना बने ऋषिपर्णा... के नारे से माहौल गुंजायमान रहा।
--
जन सहयोग से रिस्पना बनेगी ऋषिपर्णा : सीएम
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रुद्राक्ष का पौधा रोपकर किया महाअभियान का शुभारंभ
रिस्पना से ऋषिपर्णा महाअभियान के तहत 10 हजार से अधिक लोगों ने किया पौधरोपण
जिस अभियान से जनता जुड़ती है, वह हमेशा सफल होता है। रिस्पना से ऋषिपर्णा महाअभियान में भी दस हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई और बौद्ध सभी धर्मों के लोगों ने पौधे लगाकर इसमें अपना योगदान दिया। बारिश के बावजूद इतनी अधिक संख्या में लोगों का पहुंचाना बताता है कि हम रिस्पना को ऋषिपर्णा बनाकर ही दम लेंगे। हालांकि, जरूरी नहीं कि रोपे गए 100 प्रतिशत पौधे जीवित रहें, लेकिन जो पौधे खराब होंगे उनके स्थान पर नए पौधे लगाए जाएंगे। इन प्रयासों की बदौलत आगामी चार-पांच वर्षों में रिस्पना फिर से पुनर्जीवित होगी। रविवार को कैरवान गांव में रिस्पना से ऋषिपर्णा महाअभियान के तहत पौधरोपण के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि जनसहयोग से रिस्पना नदी जरूर पुनर्जीवित होगी। यह जनता का अभियान है। लोगों ने बढ़-चढ़कर अभियान में हिस्सा लेकर इस बात को साबित भी कर दिया। हालांकि, यह अभियान एक दिन या एक महीने का नहीं है। दीर्घकालीन योजना के जरिये ही हम इस अभियान को सफल बना पाएंगे। मुख्यमंत्री ने ब्रिटेन की टेम्स नदी का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां के लोगों के सामूहिक प्रयास से टेम्स नदी को साफ किया गया। ऐसे में दून के लोगों के सहयोग से रिस्पना का भी कायाकल्प कर सकते हैं। गढ़वाल में रिस्पना और कुमाऊं की कोसी नदी का उत्थान कर विश्व में ब्रिटेन की तरह उदाहरण पेश करेंगे। परमार्थ निकेतन परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि ने कहा कि युवा सेल्फी को सेल्फ से जोड़ें और पौधरोपण करें। जनता के जुड़ने से यह अभियान जरूर सफल होगा।
--
रोपे गए दो लाख से अधिक पौधे
रिस्पना से ऋषिपर्णा महाअभियान के तहत रविवार को अलग-अलग स्थानों पर कुल दो लाख से अधिक पौधे रोपे गए। इसमें 55 से 60 हजार पौधे कैरवान गांव से मोथरोवाला तक रिस्पना के किनारे लगाए गए जबकि करीब 416 स्कूलों के बच्चों ने करीब डेढ़ लाख पौधे स्कूल और अन्य स्थानों पर रोपे।
--
अभियान में ये रहे मौजूद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री धन सिंह रावत, विधायक गणेश जोशी, विनोद चमोली, मुन्ना सिंह चौहान, राजपुर रोड विधायक खजान दास, भाजपा प्रदेश मंत्री सुनील उनियाल गामा।
--
50 से अधिक सेक्टर में 18 से अधिक प्रजातियों के पौधे रोपे
कैरवान गांव से मोथरोवाला तक 50 से अधिक सेक्टरों में शीशम, हरड़, बहेड़ा, बेलपत्र, संदन, महल, तेजपात, अमलतास, कनजी, कंजू, कचनार, बांस, आंवला, कटहल, टिकोमा, पिलन, अर्जुन, अमरूद, मौरेंग, आम, जामुन, नींबू समेत 18 से अधिक प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
--
अभियान के दौरान इनका रहा योगदान
वन विभाग, ईको टास्क फोर्स, यूसर्क, आईटीबीप, एसएसबी, सेना, परमार्थ निकेतन आश्रम, सिविल डिफेंस, मैड संस्था, स्कालर्स होम एलुमिनाई एसोसिएशन, सेंट जार्ज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, दून यूनिवर्सिटी, इंदिरानगर व्यापार एसोसिएशन, सचिवालय एसोसिएशन, स्प्रिंग हिल स्कूल, जन जागरण संस्थान समिति, शिवालिक एकेडमी, दयानंद कन्या इंटर कॉलेज, केसी पब्लिक, भारतीय जैन मिलन, नंदलाल जूनियर हाईस्कूल, ब्ल्यू माउंटेन स्कूल, हिमाद्री एनजीओ, लोक निर्माण, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, पेयजल विभाग समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद थे।
--
अब चलेगा सफाई अभियान : सीएम
मोथरोवाला सेक्टर-7 में पौधरोपण के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पौधे लगाने का काम तो हो गया, अब रिस्पना के किनारे पड़ी गंदगी की सफाई के लिए अभियान चलाया जाएगा। हमें इस नेक जन कल्याण आंदोलन की भावना को जीवित रखना है। एक नदी के पुनर्जीवित होने से उसके साथ-साथ एक सभ्यता भी जीवित होगी।
--
महाअभियान से दूर दिखे राजनीतिक दल
मुख्यमंत्री ने रिस्पना से ऋषिपर्णा महाअभियान में आम जनता के साथ ही राजनीतिक दलों को भी जुड़ने की बात कही थी, लेकिन भाजपा के अलावा अन्य दलों के कार्यकर्ता और पदाधिकारी महाअभियान से दूर दिखाई दिए।
--
अधिकारियों ने भी लगाए पौधे
मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन, नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे, एडीएम प्रशासन अरविंद पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट मनुज गोयल, एसडीएम सदर प्रत्यूष सिंह भी अभियान में शामिल हुए और पौधे लगाए।