ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
उत्तराखंड रोडवेज की दिल्ली जा रही एसी बस के आईएसबीटी परिसर के पास रोक कर एक बुजुर्ग को बैठाने पर सिपाहियों ने बस का चालान कर दिया। इस बाबत बस परिचालक ने विरोध किया तो सिपाही ने परिचालक से धक्कामुक्की कर दी। इसकी खबर लगने पर रोडवेजकर्मी भड़क गए और आईएसबीटी परिसर में बसें खड़ी करके प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी रोडवेजकर्मी सिपाही पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। हालांकि बाद में सिपाही के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन पर रोडवेजकर्मी शांत हुए और बसें लेकर रवाना हुए।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को दिल्ली जा रही एसी बस के परिचालक ने एक बुजुर्ग को बैठाने के लिए आईएसबीटी के गेट के पास बस रोक दी। इस पर वहां मौजूद आईएसबीटी पुलिस चौकी के दो सिपाहियों ने बस का चालान कर दिया। बस परिचालक योगेंद्र कुमार ने इस पर ऐतराज जताया तो एक सिपाही ने योगेंद्र कुमार को बस से खींच कर धक्कामुक्की और थप्पड़ जड़ दिया। बस परिचालक को थप्पड़ मारने की खबर होते ही उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के नेता हरेंद्र चौधरी अन्य रोडवेज कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए और आईएसबीटी गेट के आसपास बसें खड़ी करके प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके चलते हरिद्वार रोड पर जाम लग गया। रोडवेजकर्मियों ने आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने तक बसों का संचालन ठप करने की चेतावनी दी। हरिद्वार रोड पर जाम लगने और आईएसबीटी परिसर में हंगामा होने की खबर मिलते ही इंस्पेक्टर पटेल नगर सूर्यभूषण नेगी और चौकी इंचार्ज मनमोहन नेगी मौके पर पहुंचे और सिपाही के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन दिया। इसके बाद रोडवेजकर्मियों का गुस्सा शांत हुआ और बसों का संचालन शुरू कराया।
एक घंटे परेशान रहे यात्री
सिपाही के बस परिचालक के थप्पड़ मारने के विवाद के चलते आईएसबीटी से करीब एक घंटे तक बसों का संचालन ठप रहा। इसके चलते यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। काशीपुर जा रहे सुनील कुमार का कहना था कि रोडवेजकर्मियों और पुलिस के बीच विवाद का असर यात्रियों पर नहीं पड़ना चाहिए। दिल्ली जा रहे अमित यादव ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।