घरों में पानी भरा, सड़क पर उतरे लोग
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
राजधानी में शुक्रवार की शाम हुई बारिश ने नगर निगम के सफाई के दावों की पोल खोल दी। सड़कें जहां बरसात के पानी से लबालब रहीं। कई घरों में पानी घुस गया। यह स्थिति खुड़बुड़ा, कांवली रोड, ईसी रोड, महाराजा अग्रसेन चौक समेत अधिकतर जगहों पर देखने को मिली। शिकायत के बावजूद नगर निगम की ओर से नालों की सफाई नहीं किए जाने से आक्रोशित लोगों ने कांवली रोड पर जाम लगा दिया। निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की थी। जिसके तहत रोजाना नालों की सफाई करने के साथ ही उसकी रिपोर्ट दी जानी थी, लेकिन बारिश ने निगम के दावों की पोल खोल दी। कांवली में पानी भरने से गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। उन्होंने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी। साथ ही चेतावनी दी कि जल्द ही निगम ने नालों की सफाई नहीं कराई तो निगम परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ठेकेदार ने नहीं की सफाई : राजकुमार
पूर्व विधायक राजकुमार ने खुड़बुड़ा, ईसी रोड समेत कई इलाकों का दौरान किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि नाले चोक हैं जिसके जिम्मेदार ठेकेदार हैं। अगर समय रहते नालों की सफाई कर ली जाती तो यह नौबत नहीं आती। लोगों का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इसे लेकर नगर आयुक्त से वार्ता की जाएगी।
---
नालों की सफाई के लिए टीम गठित की गई थी, जो सफाई कर रही है। जिन जगहों दिक्कतें आ रही हैं, उसे दूर किया जाएगा।
- विजय कुमार जोगदंडे, नगर आयुक्त