ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
गैरसैंण राजधानी निर्माण अभियान के तहत युवाओं ने बृहस्पतिवार को गांधी पार्क से लेकर घंटाघर तक सड़कों पर भीख मांगी। अभियान से जुड़े लोगों ने कहा कि उत्तराखंड सरकार के कुछ मंत्रियों द्वारा पिछले कुछ दिनों से गैरसैंण राजधानी बनाने में भारी भरकम बजट खर्च होने की बात कही जा रही है। इसके लिए भीख मांग कर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है।
गांधी पार्क में एकत्र हुए युवाओं ने कहा कि देश में उत्तराखंड अकेला ऐसा राज्य हैं जो 17 साल बाद भी अब तक स्थायी राजधानी के लिए तरस रहा है। सरकार को जनभावनाओं को देखते हुए जल्द गैरसैंण को राजधानी घोषित करना चाहिए। छात्र नेता सचिन थपलियाल ने कहा कि यदि सरकार ने 20 मार्च से शुरू होने वाले बजट सत्र में गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित न किया तो मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों का घेराव किया जाएगा। भीख मांगने वालों में लुनुश टोडरिया, बॉबी पंवार, सतीश धौलखंडी, देवेंद्र नेगी, गिरीश रावत, सुनील रावत, वीरेश चौधरी, विपुल गौड़, सूरज गुसांई, प्रकाश गौड़, गणेश धामी, सूरज भट्ट आदि शामिल रहे।
कल डीएम के माध्यम से पीएम को भेजेंगे ज्ञापन
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुकरेती ने कहा कि मुजफ्फरनगर कांड के दोषियों को सजा दिलाने एवं सीबीआई के मुकदमे उत्तराखंड हस्तांतरित करने की मांग को लेकर आंदोलनकारी 16 मार्च को जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजेंगे। इसके अलावा 18 मार्च को गैरसैंण राजधानी के समर्थन में आराघर चौकी से विधानसभा भवन तक रैली निकाली जाएगी।