ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
आमतौर पर शांत स्वभाव वाले राजपुर विधायक खजान दास मंगलवार को एडीबी के अफसरों पर भड़क गए। उनका झल्लाना स्वाभाविक भी था। कारण, एडीबी ने पेयजल और सीवर लाइन डालने के लिए पूरा शहर खोदा डाला है। सड़कों की खुदाई से लोग परेशान हैं। इसके लिए विधायक खजान दास ने एडीबी अफसरों को जमकर लताड़ा। अफसराें से पूछा कि सरकार तो बदल गई है, तुम कब बदलोगेे। विधायक बोले कि अगर अफसरों ने अपनी कार्यप्रणाली नहीं बदली तो मैं धरने पर बैठ जाऊंगा।
राजपुर विधानसभा क्षेत्र में एडीबी ने पेयजल और सीवर लाइन डालने के लिए जगह-जगह सड़कें खोदी हैं। अधिकांश जगह काम अधूरे हैं। इससे लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। विधायक खजान दास खुद कई बार अफसरों से काम जल्दी पूरा करने का निवेदन कर चुके हैं। इसके बाद भी पुराने काम पूरे किए बगैर एडीबी ने नई जगहों पर खुदाई शुरू कर दी है। इससे गुस्साए विधायक खजान दास मंगलवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ एडीबी निदेशालय पहुंच गए। उन्होंने एडीबी के अपर निदेशक झरना कामठान समेत सभी अधिकारियाें को तलब किया। खजान दास ने कहा कि एडीबी को ठेकेदार चला रहे हैं।
अफसर दफ्तर से बाहर तक नहीं निकलते हैं। ठेकेदार मनमर्जी से सड़कों को खोद रहे हैं। यह सबसे ज्यादा दुखद है कि आखिर अफसर तनख्वाह किस बात की ले रहे हैं। अफसरों को गड्ढों से किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता गालियां दे रही है। जनता के डर से जनप्रतिनिधियों को मुंह छिपाना पड़ रहा है। खजान दास ने कहा कि निकाय चुनाव होने हैं। इससे अफसरों का कुछ बिगड़ने वाला नहीं है। लेकिन जो जनता नेताओं को गालियां दे रही है वही उन्हें वोट भी देती है।
--
इन इलाकाें में खोदी हैं सड़कें
पलटन बाजार, सरनीमल बाजार, मोहिनी रोड, अंसारी मार्ग, मच्छी बाजार, तेग बहादुर रोड, करनपुर, खुड़बुड़ा क्षेत्र आदि।
--
नए कार्यों पर रोक, निर्माण एजेंसी को काली सूची में डाला
विधायक ने अफसरों को दिया तीन दिन का अल्टीमेटम, नौ को होगी संयुक्त बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून।
विधायक खजान दास ने राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में एडीबी के नए कार्यों पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि जब तक पुराने कार्य पूरे नहीं होंगे, तब तक नए कार्य शुरू नहीं किए जाएंगे। उन्होंने अफसरों से शहर का हाल जानने के लिए दफ्तर से बाहर निकलकर सभी योजनाओं की तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि नौ जनवरी को जल निगम, जलसंस्थान और एडीबी की संयुक्त बैठक की जाएगी। विधायक की फटकार के बाद एडीबी ने निर्माण एजेंसी को ब्लैक लिस्ट कर दिया है।
विधायक ने कहा कि चार महीने पहले एडीबी के कार्यों की समीक्षा हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि था तीन किमी एरिया में कार्य चल रहे हैं। लेकिन चार महीने बाद भी कार्य एक इंच आगे नहीं बढ़े हैं। उन्होंने अधिशासी अभियंता विनय मिश्रा और निर्माण एजेंसी तिरुपति कंस्ट्रक्शन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। अपर निदेशक झरना कामठान ने तत्काल निर्माण एजेंसी को ब्लैक लिस्ट कर दिया। अपर निदेशक ने कहा कि सभी अधिकारी तीन दिन के भीतर एडीबी के कार्यों की रिपोर्ट देंगे, जिसे विधायक को सौंपी जाएगी। अपर निदेशक ने कहा कि जलसंस्थान और जल निगम के बीच तालमेल नहीं होने से अधिकांश अधूरे पड़े हैं। इस पर विधायक ने कहा कि तीनों विभागों की नौ जनवरी को संयुक्त बैठक बुलाकर इसका समाधान किया जाएगा। बैठक में एडीबी अधीक्षण अभियंता रविा कुमार पांडे, अधिशासी अभियंता विनय मिश्रा, सहायक अभियंता सुल्तान सिंह, भाजपा नेता हरीश डोरा, आशीष नागरथ, उमा नरेश, विशाल गुप्ता, सुनील शर्मा, विपिन चंचल, राकेश मंजखोला, सबिता, तृप्ता जाटव मौजूद थी।