बालिका निकेतन में बढ़ेगी सुरक्षा, केयर टेकर भी आएंगे
अमर उजाला ब्यूरो/देहरादून।
जिलाधिकारी ने कहा कि बालिका निकेतन में सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही एक और केयर टेकर तैनात किया जाएगा। इसके लिए शासन को पत्र लिखा जाएगा। वह मंगलवार की रात एसएसपी के साथ बालिका निकेतन पहुंचे थे। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने करीब ढाई घंटे तक बीते शनिवार निकेतन से भागी पांच बालिकाओं के अलावा अन्य बच्चों से बात की। पूछताछ के बाद बाहर निकले जिलाधिकारी ने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी।
जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन मंगलवार की रात करीब आठ बजे एसएसपी निवेदिता कुकरेती के साथ बालिका निकेतन पहुंचे। यहां उन्होंने बीते 16 दिसंबर की रात भागी बालिकाओं से बातचीत की। इसके अलावा अन्य बालिकाओं से भी बातचीत की। जिलाधिकारी ने बताया कि पांचों बालिकाओं ने उन्हें बताया कि वह घर जाना चाहती थीं, इसलिए वह बालिका निकेतन से भागी। उनके मुताबिक व्यवस्थाएं ठीक हैं। लेकिन, एक और केयर टेकर के लिए शासन को पत्र लिखा जाएगा। जिससे बालिकाओं की देखरेख और बेहतर तरीके से हो सके। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई जाएगी। अभी मामले की विस्तार से जांच की जाएगी। जो दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बालिका निकेतन में जांच के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, निकेतन की अधीक्षिका मीना सिंह भी मौजूद रही।
----
कहीं दबाव में तो नहीं थी बालिकाएं
जिलाधिकारी और एसएसपी के निरीक्षण में बालिकाओं द्वारा बालिका निकेतन में मौजूद व्यवस्थाओं को ठीक बताया गया। जबकि बीते सोमवार को बाल संरक्षण आयोग की सदस्य शारदा त्रिपाठी के नेतृत्व में पहुंची टीम के सामने उनके बयान कुछ और थे। आशंका जताई जा रही है कि कहीं ऐसा तो नहीं कि बालिकाओं पर किसी तरह का कोई दबाव बनाया गया हो। हालांकि जिलाधिकारी और एसएसपी ने इसकी संभावना से इंकार किया।
..............................
डीएम के पहुंचते ही बुलाया गया इलेक्ट्रिशियन
जिलाधिकारी और एसएसपी की शाम को पहुंचने की सूचना मिलते ही बालिका निकेतन प्रशासन सक्रिय हो गया। इस दौरान एक इलेक्ट्रिशियन को बुलाया गया। वह स्विच और लाइट लेकर पहुंचा। कुछ ही देर में एक व्यक्ति हीटर लेकर भी अंदर पहुंचा। इसके बाद बालिका निकेतन का अंधेरा दूर हो पाया।
बालिका निकेतन प्रकरण : जांच समिति आज सौंपेगी रिपोर्ट
देहरादून/अमर उजाला ब्यूरो।
बालिका निकेतन से बीते शनिवार को भागी पांच बालिकाओं के मामले में गठित जांच समिति बुधवार को अपनी रिपोर्ट देगी। यह समिति समाज कल्याण निदेशक की ओर से गठित की गई थी। वहीं, दूसरी ओर निदेशालय ने शासन को पत्र लिखकर दूसरी कमेटी के जरिए जांच कराने की मांग की है।
16 दिसंबर की रात करीब 10 बजे बालिका निकेतन से पांच बालिकाएं भाग गई थीं। हालांकि समय पर सूचना मिलने के कारण उन्हें पकड़ लिया गया था। घटना के दूसरे दिन रविवार को समाज कल्याण निदेशक योगेंद्र यादव जांच के लिए बालिका निकेतन पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुराग शंखधर, मुख्य परिविक्षा अधिकारी वंदना सिंह और जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट की टीम बनाई। जिन्हें तीन के भीतर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया। बुधवार को जांच टीम अपनी रिपोर्ट निदेशक को सौंपेगी। इसके आधार पर निदेशालय आगे की कार्रवाई करेगा। जांच समिति की अध्यक्ष वंदना सिंह के मुताबिक जांच रिपोर्ट निदेशालय को भेजी जा रही है। वहीं, दूसरी ओर निदेशालय ने शासन को पत्र लिखा, जिसमें जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जांच समिति गठित करने के लिए कहा गया था।