उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विकास पुरुष नारायण दत्त तिवारी के समर्थकों ने उनका जन्मदिन मानो एक दिन पहले ही मना लिया।
उन्हें 90वें जन्मदिन की बधाई देने वालों का सिलसिला शुक्रवार को हल्द्वानी सर्किट हाउस पहुंचने के साथ ही शुरू हो गया था। शनिवार को भी सैकड़ों की संख्या में लोग सर्किट हाउस पहुंचे और एनडी तिवारी को जन्मदिन की बधाई दी। रविवार को उन्हें बधाई देने के लिए कुमाऊं ही नहीं बल्कि गढ़वाल से भी बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है।
सर्किट हाउस में शनिवार को तिवारी ने जन्मदिन की एक दिन पहले ही बधाई देने पहुंचे अपने समर्थकों को निराश नहीं किया। जब उन्होंने पुराने लोगों को एक-एक कर नाम से पुकारना शुरू किया तो लोगों की खुशी की सीमा नहीं रही। तिवारी जी ने अपने समर्थकों को पास बुलाकर उनसे परिवार की कुशलक्षेम से लेकर गांव के हालचाल तक की बातें की।
अपने गांव के लोगों को पास देखकर तिवारी जी की आंखों में अपनी जन्मस्थली बल्यूटी गांव की तस्वीर सामने उभर कर आ गई। दादा-परदादा के बारे में लोगों से बातें करते करते उनकी कई बार आंखें तक भर आईं। बोले, उत्तराखंड राज्य नवोदित प्रदेश है, सो पर्वतीय प्रदेश होने के कारण समस्याएं भी बहुत हैं। लिहाजा पहाड़ के दूर दराज गांव तक विकास की किरण पहुंचे, इसके प्रयास सभी को मिलकर करने चाहिए।
निशंक को सीने से चिपटा लिया तिवारी जी ने
पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक शनिवार सुबह सर्किट हाउस में पूर्व मुख्यमंत्री एवं वयोवृद्ध नेता एनडी तिवारी को बधाई देने पहुंचे। निशंक को अपने सामने देख तिवारी जी भावुक हो गए और प्रसन्नता जाहिर करते हुए निशंक को अपने सीने से लगा लिया।
दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक पुराने संस्मरणों पर बातें होती रहीं। इसके अलावा सिंचाई मंत्री यशपाल आर्या ने भी सर्किट हाउस पहुंच कर तिवारी जी को बधाई दी। भाजपा नेता बलराज पासी, सपा नेता अब्दुल मतीन सिद्दीकी भी तिवारी जी से मिलने पहुंचे।
बर्थडे पार्टी में पांच हजार लोग करेंगे भोजन
रविवार को नैनीताल रोड स्थित मधुवन लॉन में आयोजित पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी जन्मदिन समारोह में पांच हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। संयोजक दीपक बल्यूटिया ने बताया कि जन्मदिन समारोह सुबह दस बजे शुरू हो जाएगा। इसमें छोलिया, झोड़ा, लोकनृत्य के अलावा भजन गायक सुजीत ओझा कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
सर्किट हाउस में इस दौरान पर्वतश्री नारायण दत्त तिवारी अभिनंदन समिति के संयोजक दीपक बल्यूटिया, गणेश भंडारी, मुकुल बल्यूटिया, मो. शरीफ, प्रकाश पांडे, त्रिलोक कठायत, कैलाश साह, आबिद हुसैन, नितिन बल्यूटिया, दामोदर बल्यूटिया आदि व्यवस्था संभालने में लगे रहे।