ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
वन विभाग में फॉॅरेस्ट गार्ड के पदों को उपनल से भरे जाने के फैसले के विरोध में प्रदेश के बेरोजगारों में दबरदस्त आक्रोश है। शासन के फैसले नाराज युवाओं ने बृहस्पतिवार को उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले लैंसडाउन चौक पर सरकार व विभागीय अधिकारियों का पुतला फूंका।
परेड ग्राउंड स्थित धरनास्थल पर एकत्र हुए युवाओं को संबोधित करते हुए छात्र नेता कमलेश भट्ट ने कहा कि फॉरेस्ट गार्ड के 1218 पदों के लिए प्रदेश के दो लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इन पदों पर भर्ती के लिए तमाम युवा बीते दो साल से तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में अब सरकार ने इन पदों को उपनल के माध्यम से भरने का फैसला किया है। इसे लेकर प्रदेशभर के बेरोजगार युवाओं में आक्रोश है। सरकार के जल्द निर्णय वापस न लेने पर प्रदेशभर के बेरोजगार सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में दीपक सिंह, अशोक कुमार, ललित रावत, विनोद राणा, राजेंद्र तोमर, कमल कांत, प्रदीप पंवार, आशीष रावत, अजय त्रिकोटी, अमित राणा, अमित चौहान, विवेक राज आदि मौजूद रहे।