दिव्यांगों की समस्याओं के निराकरण की मांग
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। उत्तराखंड दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्यों ने सोमवार को मुख्य सचिव उत्पल कुमार से मुलाकात की। उन्होंने दिव्यांगों की समस्याओं से अवगत कराते हुए निराकरण की मांग की। जिस पर मुख्य सचिव ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। इससे पहले सदस्यों ने सचिवालय में मुख्यमंत्री के सलाहकार केएस पंवार को नौ सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
सलाहकार बोर्ड के सदस्य अनंत प्रकाश मेहरा ने बताया कि वे सचिवालय में मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे लेकिन उनके किसी कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण वे सीएम के सलाहकार केएस पंवार से मिले और नौ सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। ज्ञापन में सभी विद्यालयों में दिव्यांगों को विशेष शिक्षक के तौर पर भर्ती किया जाए। सभी सरकारी विभागों में भारतीय सांकेतिक भाषा संप्रेषण व इंटरप्रेटर लागू करने। दिव्यांगों की पेंशन में बढ़ोतरी कर 3500 रुपये प्रतिमाह करने, राज्यभर से आने वाले दिव्यांगों के ठहरने के लिए राजधानी में भवन बनाने, स्वरोजगार करने के लिए दिव्यांगों को ब्याज रहित ऋण देने, निजी क्षेत्र में दिव्यांगों को चार प्रतिशत आरक्षण देने, बैकलॉग पदों को शीघ्र भरने आदि मांगें की गई।
इसके बाद शाम को मुख्य सचिव उत्पल कुमार से मुलाकात की। उन्होंने मुख्य सचिव से तीन दिसंबर को दिव्यांग दिवस पर कार्यक्रमों का आयोजन करने की मांग। साथ अन्य समस्याओं और मांगों से अवगत कराया। जिस मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार दिव्यांगों की मांगों के प्रति गंभीर है, जिन पर विचार किया जा रहा है। मुलाकात करने वालों में सलाहकार बोर्ड सदस्य अमित डोभाल, उमेश ग्रोवर आदि शामिल रहे।