पौड़ी। निकाय चुनाव में प्रचार के लिए मंगलवार को बाइक रैली के दौरान यातायात नियमों का खुला उल्लंघन किया गया। रैैली में कई कार्यकर्ता बगैर हेलमेट थे तो कुछ बाइकों में तीन लोग बैठे थे। पुलिस ने रैली की वीडियोग्राफी कर रिटर्निंग ऑफिसर को इसकी रिपोर्ट भेजी है।
नगर क्षेत्र में मंगलवार को एक पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में बाइक रैली निकाली गई। रैली में अधिकतर लोग बगैर हेलमेट थे। पुलिस का कहना है कि यदि इक्का दुक्का व्यक्ति हों तो संबंधित के खिलाफ पुलिस चालान की कार्रवाई कर सकती है, लेकिन बड़ी संख्या में लोग इस तरह से यातायात नियमों का उल्लंघन करें और पुलिस चालान की कार्रवाई करने लगे तो कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है। ऐसे में पुलिस की ओर से रैली की वीडियोग्राफी कर रिटर्निंग आफिसर को इसकी रिपोर्ट भेजी गई है। कोतवाली निरीक्षक मनोज रतूड़ी ने कहा कि बाइक रैली में तीन सवारी बगैर हेलमेट शामिल होने पर रिटर्निंग ऑफिसर को रिपोर्ट भेजी गई है।