ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
सरकार ने कुश्ती में पवन कुमार को प्रशिक्षक के रुप में उत्कृष्ट कार्य करने पर लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। इसके अलावा वर्ष 2016 में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले 37 खिलाड़ियों और 17 प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
गांधी जयंती पर खेल विभाग ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के बहुउद्देश्यीय भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया। मुख्य अतिथि रहे खेल मंत्री अरविंद पांडेय और रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह में बच्चों ने हिंदी, कुमाऊनी, गढ़वाली गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में खेल निदेशक प्रताप सिंह शाह, संयुक्त निदेशक और स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेंद्र भट्ट, उप खेल निदेशक सतीश सार्की, जिला खेल अधिकारी देहरादून राजेश ममगाईं आदि मौजूद रहे।
ये हुए सम्मानित
बागेश्वर के नितेंद्र सिंह को पांच लाख, नैनीताल के योगेंद्र पाल सिंह को 2.53 लाख, देहरादून के गौरव राणा को 1.66 लाख, मयंक मारवाह को 1.33 लाख, दीपक कुमार राही को 2.60 लाख, रुड़की के निखिल गोलियान को 2.62 लाख, बागेश्वर के गजेंद्र परिहार को 3.20 लाख, कमलेश कुमार तिवारी को 1.50 लाख, ऊधमसिंह नगर के गुलाम नबी को 1.75 लाख, देहरादून के रणजीत सिंह को 2.08 लाख, समरजीत सिंह को 4.03 लाख, मुकुल जीत सिंह को 1.26 लाख, हरिद्वार के शुभम कुमार को तीन लाख, देहरादून के विनीत कुमार को 2.08 लाख रुपये दिए गए। साथ हीअन्य खिलाड़ियों को भी धनराशि प्रदान की गई।
स्पोर्ट्स कॉलेज के 29 खिलाड़ियों की फीस माफ
कार्यक्रम में खेल मंत्री अरविंद पांडेय 29 खिलाड़ियों की फीस माफ किए जाने की घोेषणा की गई। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अच्छे प्रदर्शन के आधार पर फीस माफ करने के लिए आवेदन किए गए थे। इस पर खेल विभाग ने मंजूरी दी थी।