विजय हजारे ट्रॉफी कैंप के लिए चुने 22 क्रिकेटर
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। विजय हजारे ट्रॉफी के लिए उत्तराखंड के 22 क्रिकेटरों को चुन लिया गया है। यह सभी सात से 17 सितंबर तक अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में अतिथि क्रिकेटर रजत भाटिया, विनीत सक्सेना और मलोलन रंगराजन के साथ 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे। कैंप के बाद प्रतियोगिता के लिए राज्य की 15 सदस्यीय टीम चुनी जाएगी।
बृहस्पतिवार को अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में बीसीसीआई चयनकर्ता कृष्ण मोहन, सुरू नायक और कल्याण कृष्ण डोडापाणनी ने क्रिकेटरों का अंतिम चरण का ट्रायल लिया। ट्रायल के बाद उन्होंने 22 क्रिकेटरों के नाम घोषित किए। सात से 17 सितंबर तक अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में यह सभी अतिथि क्रिकेटर रजत भाटिया, विनीत सक्सेना और मलोलन रंगराजन के साथ 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा 18 अन्य क्रिकेटरों को स्टैंड बाई में रखा गया है। सूत्रों के अनुसार, कैंप के लिए चुने गए 22 क्रिकेटरों में से कुछ के दस्तावेजों में खामियों की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में इनके स्थान पर स्टैंड बाई सूची में से क्रिकेटर शामिल किए जा सकते हैं।
--
यह 22 क्रिकेटर हुए शामिल
सूत्रों के अनुसार, दस दिवसीय शिविर के लिए चुने गए 22 क्रिकेटरों में सृष्टि शिखर किमोठी, सनी राणा, रोहन आर्य, विकास रावत, वैभव पंवार, धनराज शर्मा, रोहन सहगल, आर्य सेठी, तुषार सकलानी, सौरभ रावत, कार्तिक जोशी, मयंक मिश्रा, सौरभ चौहान, वरुण कुमार, दीपक धपोला, करणवीर सिंह, अग्रिम तिवारी, राजेंद्र टांगरी, विजय जेठी, सौरभ रावत शामिल हैं। हालांकि बीसीसीआई की ओर से सूची की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
--
दो नए नाम आए सामने
जिन 22 क्रिकेटरों को शिविर के लिए चुना गया है, उनमें से दो का नाम किसी भी एसोसिएशन की सूची में नहीं था। सूची में शामिल कुल 105 क्रिकेटरों ने पहले दिन ट्रायल दिया था। जबकि बीसीसीआई की सिफारिश से सात क्रिकेटर पहुंचे थे, जिन्हें दूसरे दिन ट्रायल में शामिल किया गया था। अंतिम दिन इनमें से दो क्रिकेटरों को कैंप के लिए चुना गया।
--
यूसीए पर मेहरबानी
बीसीसीआई ने ट्रायल में खिलाड़ियों को मौका देने में उत्तरांचल क्रिकेट एकेडमी (यूसीए) पर जमकर मेहरबानी की। सूत्रों के अनुसार, यूसीए ने 50 खिलाड़ियों की सूची भेजी थी, उन सभी को ट्रायल में शामिल किया गया। वहीं, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) ने 89 खिलाड़ियों की सूची भेजी थी, जिसमें से 54 क्रिकेटरों को ही ट्रायल में शामिल होने का मौका मिला। हालांकि जिन 22 क्रिकेटरों को कैंप के लिए चुना गया है, उनमें से करीब 17 सीएयू के बताए जा रहे हैं।
--
दस्तावेजों में खामियों से बाहर हुए खिलाड़ी
ट्रायल देने पहुंचे कई क्रिकेटरों को दस्तावेजों में खामियों के चलते शिविर के लिए नहीं चुना गया। यूपी रणजी टीम के संभावित खिलाड़ियों में शामिल रहे दिग्विजय रावत का जन्म प्रमाण पत्र दो वर्ष पहले का बना हुआ था। अंडर-19 टीम के लिए जन्म प्रमाण पत्र तीन वर्ष पूर्व बना होने की अनिवार्यता है। वहीं, उड़ीसा अंडर-23 टीम के लिए खेल चुके देवेंद्र्र कुंवर के दस्तावेजों में भी खामी मिली। दोनों खिलाड़ियों ने बताया कि आपत्ति जताने के बाद बीसीसीआई अधिकारियों ने दोबारा दस्तावेजों की जांच का आश्वासन दिया है।
--
प्रो. रत्नाकर सेठी ने बनाई मीडिया से दूरी
उत्तराखंड राज्य क्रिकेट संचालन समिति के समन्वयक प्रो. रत्नाकर सेठी ने बृहस्पतिवार को भी मीडिया से दूरी बनाए रखी। पूरे दिन अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में रहे प्रो. सेठी ने सुबह चयनकर्ताओं और क्रिकेट संचालन समिति सदस्यों से मुलाकात की। सूची जारी करने से पहले प्रो. सेठी ने खुद प्रत्येक खिलाड़ी के दस्तावेजों की गहनता से जांच की।
--
कई क्रिकेटर हुए मायूस
तीन दिनों तक चले ट्रायल के बाद कई क्रिकेटरों के हाथ मायूसी लगी। उड़ीसा से अंडर-23 क्रिकेट खेल चुके देवेंद्र कुंवर, उत्तर प्रदेश से सीके नायडू ट्रॉफी खेल चुके दिग्विजय रावत, विकेटकीपर बल्लेबाज अभिनव बिष्ट व आशीष जोशी, तेज गेंदबाज कुर्बान अली और बल्लेबाज भृगराज पठानिया शिविर के लिए चुने गए 22 खिलाड़ियों में जगह नहीं बना सके। पिछले प्रदर्शन के आधार पर उन सभी के शिविर में चुने जाने की उम्मीद जताई जा रही थी।
--
युवा उक्रांद ने जताया विरोध
अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में चल रही ट्रायल प्रक्रिया पर युवा उक्रांद ने विरोध जताया। युवा उक्रांद कार्यकर्ताओं ने एकेडमी की ओर से जाने वाली सड़क पर बैठकर धरना दिया। उन्होंने टीम चुनने के लिए ओपन ट्रायल कराने की मांग की। उनकी राज्य क्रिकेट संचालन समिति के सदस्य संजय गुसाईं से नोक-झोंक भी हुई। धरना-प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर राजपुर थानाध्यक्ष अरविंद सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत कर ओपन ट्रायल कराने की मांग की। धरना देने वालों में सौरभ आहूजा, सुशील कुमार, डीके पाल, राजेंद्र बिष्ट, प्रमोद डोभाल, अजीत पंवार समेत अन्य शामिल रहे।
--
प्रतिभाओं की कमी नहीं
उत्तराखंड टीम में बतौर अतिथि खिलाड़ी शामिल किए गए रजत भाटिया ने कहा कि प्रदेश के क्रिकेटरों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि युवा और अनुभवहीन टीम को साथ लेकर चलने की चुनौती है। पहली बार बड़े मंच पर खेलने वाले खिलाड़ियों को दबाव झेलने का गुण सीखना होगा। उन्होंने कहा कि अनुभवी खिलाड़ी होने के नाते वह सभी क्रिकेटरों को खेल में बेहतरी के लिए मदद करेंगे। भाटिया ने कहा कि क्रिकेटर के लिए फिटनेस बेहद अहम है। वह खुद 38 साल के हैं लेकिन मैदान पर 20 साल के खिलाड़ी से कंपटिशन करते हैं।
--
रोहन के चयन पर उठे सवाल
राज्य क्रिकेट संचालन समिति के सदस्य चंद्रकात आर्य के पुत्र रोहन आर्य को 22 सदस्यीय टीम में चुने जाने पर सवाल उठाए जा रहे हैं। नियमों के अनुसार, किसी भी पदाधिकारी के रक्त संबंधी को ट्रायल में शामिल नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद रोहन आर्य को न केवल ट्रायल में शामिल किया गया बल्कि 22 में भी चुन लिया गया। जानकारों के अनुसार यह सीधे तौर पर हितों के टकराव का मामला है। अब चंद्रकांत आर्य को सदस्य पद छोड़ना होगा या फिर रोहन आर्य को टीम से बाहर किया जाएगा। बीसीसीआई के किसी भी अधिकारी ने इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।