ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
हरेला पर्व पर अमर उजाला फाउंडेशन और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बादल घाटी स्थित सरखेत गांव में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर वन विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों ने अमर उजालेश्वर महादेव मंदिर परिसर और आसपास पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
वन क्षेत्राधिकारी सुभाष चंद्र वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण महज वन विभाग की नहीं बल्कि पूरे समाज की संयुक्त जिम्मेदारी है। जिस तरह पूरी दुनिया में वन क्षेत्र तेजी से घट रहे हैं और पर्यावरण में तेजी से बदलाव हो रहा है, उसे देखते हुए लोगों को अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजगता दिखानी चाहिए। ग्राम प्रधान आरती पंवार ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन और वन विभाग ने क्षेत्र को हराभरा बनाने की जो पहल की है, वह सराहनीय है। हरेला पर जो पौधे लगाए गए हैं, उनके संरक्षण की जिम्मेदारी पूरे गांव के लोगों की है।
ग्रामीणों का प्रयास रहेगा कि इन पौधों का हर हाल में संरक्षण और संवर्धन किया जाए ताकि पर्यावरण बचाने के संकल्प को सार्थक किया जा सके। इस अवसर पर वन दारोगा वीरेंद्र जोशी, ग्राम प्रधान आरती पंवार, आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुमित्रा राणा, वन बीट अधिकारी डीडी भट्ट, धरमू राम डोगरा, विजेंद्र कुमार, करण सिंह, अनीता कोटवाल, बरसा कुमारी, मदन सिंह पंवार, रमेश सिंह पंवार और गया देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।