ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
पासपोर्ट कार्यालयों की तर्ज पर आरटीओ कार्यालय में शुक्रवार को अत्याधुनिक ई-लाबी का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन अवसर पर अपर परिवहन आयुक्त सुनीता सिंह ने कहा कि ई-लाबी की जरिए ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने, वाहनों के रजिस्ट्रेशन आदि समेत कई सुविधाएं मिलेंगी।
एआरटीओ प्रशासन अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि दून आरटीओ कार्यालय देश के चुनिंदा कार्यालयों में शुमार हो गया है। यहां पासपोर्ट ऑफिस की तर्ज पर अत्याधुनिक ई-लाबी की स्थापना की गई है। ई-लॉबी पूरी तरह वातानुकूलित है और लोगों की सुविधा के लिए वाटर कूलर भी लगाया गया है। ई-लाबी में समाचार पत्र पढ़ने और शौचालय की उच्च स्तरीय व्यवस्था है। ई-लॉबी में ड्राइविंग लाइसेंस, वाहनों के रजिस्ट्रेशन की स्थिति आदि की जानकारी भी मिलेगी। इस मौके पर आरटीओ सुधांशु गर्ग समेत कई विभागीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।