ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
बर्लिन में होने वाले डच और जर्मन ओपन के लिए राजधानी की शटलर उन्नति बिष्ट का चयन भारतीय टीम में हुआ है। प्रतियोगिता आठ से 11 मार्च तक आयोजित होगी। उन्नति के कोच दीपक रावत ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए 16 से 24 फरवरी तक लखनऊ के बाबू बनारसी दास बैडमिंटन एकेडमी में चलने वाले प्रशिक्षण शिविर में उन्नति अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देंगी।
दून की बेटी उन्नति बिष्ट इससे पहले भी दो बार जूनियर एशियन बैडमिंटन प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने हाल ही में दिल्ली में आयोजित खेलो इंडिया के बैडमिंटन प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। कोच दीपक रावत ने बताया कि स्प्रिंग हिल स्कूल, अजबपुर की छात्रा उन्नति ने दस साल की उम्र से ही खेलना शुरू कर दिया था। स्कूल, जनपद स्तरीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ववह कई मेडल जीत चुकी हैं। उन्नति के भारतीय टीम में चयनित होने पर स्कूल के प्रबंधक भूपेंद्र फरासी, उन्नति के पिता दिनेश बिष्ट और खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है।