देहरादून ने हरिद्वार को हराकर जीती वॉलीबाल प्रतियोगिता
-- विजेताओं को ओएसडी धीरेंद्र पंवार ने बांटे पुरस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला। स्व. अमरनाथ कौशल राज्य स्तरीय जूनियर वॉलीबाल प्रतियोगिता में बालक और बालिका दोनों वर्गों में देहरादून की टीमें विजेता रही। देर शाम मुकाबलों के बाद विजेता टीमों को सम्मानित किया गया। मिस्सरवाला डोईवाला मैदान में आयोजित की जा रही राज्य स्तरीय जूनियर वर्ग वॉलीबाल प्रतियोगिता के निर्णायक मुकाबले रविवार को खेले गए। बालक वर्ग के पहला सेमीफाइनल में स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून ने नैनीताल को 25-15, 25-13 और 25-16 को हराया वहीं दूसरे सेमीफाइनल में हरिद्वार ने उधम सिंह नगर को 25-21, 21-25,25-22 और 25-18 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल में स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून ने हरिद्वार कोे 25-18,26-24 और 25-17 से पराजित कर खिताब पर कब्जा किया। बालिका वर्ग में देहरादून ने पिथौरागढ़ को 25-23, 23-25 और 25-18 से हराकर प्रतियोगिता अपने नाम की। समापन मौके पर मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी धीरेंद्र पंवार ने विजेता और उप विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा दे रही है। प्रतियोगिताओं से खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मुहैया होता है। इस दौरान आयोजन समिति के प्रदीप कौशल, समाजसेवी रामेश्वर प्रसाद लोधी, पीएस लुंठी, राजबीर सिंह खत्री, राजेश ममंगाई, भारत भूषण कौशल, विजय बख्शी, अनु अग्रवाल, राजीव गौड़, सुखदेव बडोनी, सतपाल सिंह आदि मौजूद रहे।