सांसद निधि का शत प्रतिशत हो इस्तेमाल : निशंक
देहरादून/अमर उजाला ब्यूरो
पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने बृहस्पतिवार को विकास भवन में बैठकर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कई विभागों के अधिकारियों को फटकार लगाई। साथ ही सांसद निधि के 100 प्रतिशत इस्तेमाल करने पर जोर दिया।
विकास भवन में बैठक के दौरान सांसद डॉ. पोखरियाल ने केंद्र पोषित योजनाओं, राज्य और जिला योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न महकमों के अधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा की। बैठक में कालू सिद्ध मंदिर से थानो मार्ग का निर्माण वन विभाग से एनओसी न होने के चलते रुकने की बात सामने आई। इस बाबत उन्होंने अपर मुख्य सचिव ओम प्रकाश से फोन पर वार्ता कर कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान इंद्रपुरी-मोथरोवाला में नया केंद्रीय विद्यालय खोले जाने का प्रस्ताव जिला प्रशासन द्वारा केंद्र को नहीं भेजने पर सांसद ने नाराजगी जताई। साथ ही जिलाधिकारी को तत्काल प्रस्ताव बनाकर उसे केंद्र को भेजने को कहा। इसके अलावा उन्होंने स्कूल की जमीन पर हो रहे अतिक्रमण को खाली कराने कहा। ‘अमृत’ योजना के तहत पेयजल और सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीडीओ जीएस रावत को सांसद निधि की धनराशि 100 प्रतिशत तक धरातल पर लगाने की बात कही। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी एसए मुरूगेशन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि महेश पांडे, पुरुषोत्तम डोभाल, रतन सिंह चौहान, पार्षद सुशील गुप्ता, सतीश कश्यप, राजकुमार, महिपाल धीमान, विजय भट्ट, त्रिभुवन जोशी आदि मौजूद रहे।