- कहा, धौलास जमीन से भाजपा के मुस्लिम यूनिवर्सिटी का पाखंड उजागर हो गया
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा, उत्तराखंड में 80 प्रतिशत डेमोग्राफी बदलाव भाजपा के शासन में हुआ है। धौलास जमीन से भाजपा के मुस्लिम यूनिवर्सिटी का पाखंड उजागर हो गया है।
भाजपा पर पलटवार करते हुए हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर लिखा, भाजपा ने कई साल झूठ फैलाकर मुस्लिम यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर जनता को गुमराह किया। हमने चुनौती दी थी कि कांग्रेस सरकार के समय मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोलने का कोई प्रमाण दो, राजनीति छोड़ देंगे। अन्यथा भाजपा राज्य की जनता व कांग्रेस से क्षमा मांगे। सच्चाई यह है कि डेमोग्राफिक बदलाव का 80 प्रतिशत भाजपा के शासनकाल में 2018 से 2026 तक हुआ है।
हरीश रावत ने कहा, पहले ढाई सौ मीटर से ज्यादा जमीन खरीदने पर रोक थी। लेकिन 2018 के बाद जमीन खरीदने की खुली छूट दी गई। जिसे जितनी जमीन चाहिए, उसने उतनी खरीद ली। भाजपा सरकार ने यह नहीं देखा कि जमीन किसे बेची। सिर्फ भू-उपयोग बदलाव के नाम पर रुपये की खनक देखी गई। धौलास में भी सारा भू उपयोग बदलाव भाजपा के शासनकाल में हुआ है। अब प्रदेश जनता सवालों का गड़ासा लेकर भाजपा के सामने खड़ी है। बेरोजगारी, महंगाई, बिजली की बढ़ती हुई दरें, सड़कों में गड्ढे, हर काम में भ्रष्टाचार, बाघ, भालू, बंदर, हाथी के हमले, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार जनता के 2027 के गड़ासे पर हर सवाल धार दे रहा है। अब मुस्लिम यूनिवर्सिटी के झूठ का पर्दाफाश हो चुका है। भाजपा ने सिद्ध कर दिया कि भारतीय जनता पार्टी नहीं, यह झूठे लोगों की पार्टी है।