श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के सभी स्थायी शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सातवां वेतनमान मिलेगा। विवि की वित्त समिति की बैठक में इस पर मुहर लग गई है। जल्द उन्हें एरियर भी जारी किया जाएगा।
श्रीदेव सुमन विवि की वित्त समिति की बैठक बादशाहीथौल स्थित परिसर में हुई। इसमें सबसे पहले विवि की बैलेंसशीट पास की गई। उसके बाद सत्र-2019-20 के लिए 15 करोड़ रुपये का बजट पास किया।
इसमें सभी परीक्षकों के पारिश्रमिक पर भी मुहर लग गई है। विवि के आगामी दीक्षांत समारोह के लिए बैठक में 50 लाख रुपये का बजट पास किया गया। विवि के कुलपति डॉ. उदय सिंह रावत ने बताया कि विवि के गोपेश्वर परिसर के बजट से जुड़ी सभी दुश्वारियां दूर कर दी हैं।
उन्होंने बताया कि विवि परिसर को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने पर काम किया जा रहा है। विवि ने परीक्षा सहित सभी कार्यों के लिए बाहरी एजेंसियों से वाहन लेने पर भी मुहर लगाई है।