बाबा केेदार की यात्रा में जुड़ेगा नया अध्याय
केदारनाथ में रात्रि प्रवास करने वाले पहले पीएम होंगे मोदी
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ धाम में रात्रि प्रवास के साथ ही बाबा केदार की यात्रा में एक नया अध्याय भी जुड़ जाएगा। यह पहला मौका बन रहा है, जब देश के प्रधानमंत्री धाम में रात्रि प्रवास करेंगे। वर्ष 2015 में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने लिनचोली में रात्रि प्रवास किया था। जबकि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी इसी वर्ष खराब मौसम के कारण केदारनाथ में रात्रि प्रवास करना पड़ा था।
आजाद भारत के इतिहास में यह पहला मौका बन रहा है, जब देश के प्रधानमंत्री यहां रात्रि प्रवास कर रहे हैं। केदारनाथ के वयोवृद्ध तीर्थ पुरोहित श्रीनिवास पोस्ती ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धाम में रात्रि प्रवास व ध्यान गुफा में ध्यान करने का जो संदेश विश्व में प्रचारित-प्रसारित होगा, उससे उत्तराखंड ही नहीं, पूरे देश को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि अस्सी के दशक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगजीवन राम ने भी केदारनाथ में रात्रि प्रवास किया था।
कृष्णा माता ने की थी साधना
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ में बीते वर्ष मंदाकिनी नदी के दूसरी तरफ जिस गुफा को विकसित किया गया है, उसे अस्सी के दशक में नगर पंचायत केदारनाथ के तत्कालीन अध्यक्ष श्रीनिवास पोस्ती, कुंदन शाह और ईओ महीधर सेमवाल ने खोजा था। उसके बाद इस गुफा में पंजाब प्रांत की साध्वी कृष्णा माता ने वर्षों तक साधना की और यहीं अपने प्राण भी त्यागे थे।