ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
यात्रा सीजन में यात्रियों की सहूलियत के लिए जल्द ही मौसम विभाग की ओर से चकराता, मसूरी और ऋषिकेश स्क्रीन लगाने की योजना है। इनमें से ऋषिकेश के लिए मौसम विभाग की टीम स्थलीय निरीक्षण कर चुकी है।
गढ़वाल आयुक्त डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने इस बार यात्रा सीजन में अतिरिक्त प्रबंध के निर्देश दिए थे। इस संबंध में आपदा प्रबंधन विभाग देहरादून की ओर से भी कुछ सुझाव दिए गए थे। इनमें ऋषिकेश बस स्टैंड पर मौसम के अपडेट को पहले से बड़ी स्क्रीन लगाने को प्रस्ताव दिया गया था। इसके साथ ही जनपद के दो बड़े पर्यटक स्थल चकराता और मसूरी में भी इस तरह की स्क्रीन लगाए जाने को प्रस्ताव दिया गया था।
आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपशिखा रावत ने बताया कि इन तीनों स्थानों के प्रस्ताव को मंजूर कर लिया गया है। इनमें से ऋषिकेश में मौसम विभाग की टीम स्थलीय निरीक्षण कर चुकी है। जल्द ही चकराता और मसूरी में भी टीमें स्थलीय निरीक्षण के लिए जा सकती हैं। जून के प्रथम सप्ताह तक सभी जगह बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाने की योजना है।
चकराता में शुरू हुआ स्नो गेज
चकराता में स्थापित हुआ स्नो गेज चालू हो चुका है। यहां स्नो गेज यात्रा सीजन और आगामी सर्दियों में बर्फबारी की स्थिति को लाइव बताएगा। इससे न सिर्फ यात्री बल्कि सरकारी विभाग भी तमाम योजनाओं और कार्यों के लिए बर्फ की मात्रा को देखकर काम शुरू और बंद कर सकते हैं। इसके अलावा जून के प्रथम सप्ताह में सहस्रधारा में लगाया गया ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन भी काम करना शुरू कर देगा। ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन मौसम विभाग की सेटेलाइट से संचालित होंगे।