ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। मेयर सुनील उनियाल गामा ने बुधवार को नगर निगम की टीम के साथ आराघर स्थित फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाई गईं सब्जी और फल की दुकानों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने विक्रेताओं पर एक-एक लाख रुपये जुर्माना लगाने के आदेश दिए। साथ ही कहा कि फुटपाथ दुकानें सजाने के लिए नहीं, पैदल चलने वालों के लिए बनाए गए हैं। यह किसी भी हालत में खाली चाहिए। टीम ने 20 फल-सब्जी विक्रेताओं पर कार्रवाई के साथ तीन ट्रक सामान जब्त किया।
बुधवार शाम करीब चार बजे मेयर सुनील उनियाल गामा के नेतृत्व में टीम स्व. अतुल माहेश्वरी चौक पहुंची। उसके बाद आराघर के पास सड़क के दोनों ओर बने फुटपाथ पर लगी सब्जी और फल की दुकानों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान मेयर ने विक्रेताओं से कहा कि कई बार मना करने के बाद भी फुटपाथ खाली नहीं किए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों से पहचानपत्र दिखाने का कहा, लेकिन, कोई भी नहीं दिखा पाया। इस पर मेयर भड़क गए। उन्होंने निगम अधिकारियों को विक्रेताओं पर एक-एक लाख रुपये जुर्माना लगाने और पहचानपत्र लेने के आदेश दिए। इस दौरान मेयर के साथ भाजपा महामंत्री राजेंद्र सिंह ढिल्लो, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल डबराल, पार्षद अजय सिंघल, भाजयुमो महामंत्री राजेश रावत, भूमि कर अधीक्षक धर्मेश पैन्यूली, पटवारी राजेंद्र उनियाल, दिनेश खन्ना, इंस्पेक्टर महेंद्र आदि मौजूद रहे।
लगातार चलेगा अभियान
मेयर ने कहा कि फुटपाथ पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को टीम बनाने के लिए कहा गया है। टीमें प्रतिदिन अलग-अलग मार्गों पर जाकर अभियान चलाएगी। इस दौरान मेयर ने कहा कि फुटपाथ पर दुकानें लगाने में यदि निगम के किसी कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।