ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
प्रेमनगर मेें दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कैंट बोर्ड ने ऐसे अतिक्रमणकारियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
बता दें, प्रेमनगर क्षेत्र में प्रशासन ने भारी विरोध के बावजूद बड़े पैमाने पर अतिक्रमण ध्वस्त किया था। हालांकि कुछ दिन बाद ही कई लोगों ने दोबारा अतिक्रमण कर निर्माण कर लिए। ऐसे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कैंट बोर्ड ने प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। यही कारण है कि प्रेमनगर के मुख्य चौक से लेकर ठाकुरपुर रोड तक लगभग 14 टीन शेड बना लिए गए हैं।
---
अतिक्रमण के संबंध में कैंट बोर्ड की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर जल्द ही कार्रवाई के लिए कहा जाएगा। दोबारा अतिक्रमण करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
-जाकिर हुसैन, सीईओ, कैंट
---
कैंट बोर्ड की ओर से शुरुआत में 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। बाद में कुछ अन्य लोगों के खिलाफ भी मुकदमा किया गया। सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
-गुमान सिंह नेगी, प्रभारी थानाध्यक्ष, प्रेमनगर