ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
सीनियर महिला वन डे लीग में मेघालय ने उत्तराखंड को 10 विकेट से हराकर मैच जीत लिया है। इस हार के साथ उत्तराखंड टीम का विजय अभियान भी थम गया। टीम ने इससे पहले लगातार चार मुकाबले जीते थे।
भुवनेश्वर स्थित केआईआईटी क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार को उत्तराखंड का मुकाबला मेघालय से हुआ। उत्तराखंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने का फैसला उत्तराखंड के लिए गलत साबित हुआ। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनर बल्लेबाज से लेकर मध्यक्रम के बल्लेबाज तक सारे खिलाड़ी फ्लॉप साबित हुए। टीम के छह बल्लेबाज केवल 10 रन ही बना सके। हालांकि इसके बाद निचले क्रम की मनीषा प्रधान ने 31 व कप्तान रेखा ने 25 महत्वपूर्ण रन बनाकर टीम की लाज बचाई। इसके अलावा ममता कोठीयाल ने 17, आर. राय ने नौ रनों का योगदान दिया। पूरी टीम 40.4 ओवर में 101 रन बी बना पाई। मेघालय की ओर से वी. महाजन ने चार और तृषा व पिंकी ने दो-दो विकेट चटकाए। 102 रनों का पीछा करने उतरी मेघालय की टीम ने मुकाबला 10 विकेट से जीत लिया। ओपनर बल्लेबाज पुरणदारी ने 62 और डीडी दत्ता ने 34 रन बनाकर मैच आसानी से जीत लिया।
महज दो रनों पर गिरे पांच विकेट
ऐसा पहली बार हुआ कि उत्तराखंड सीनियर महिला टीम की शुरुआत इतनी खराब रही हो। टीम की ओपनर बल्लेबाज मेधा और मधवाल के अलावा कंचन परिहार और लक्ष्मी बसेरा खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गईं। उस समय टीम का स्कोर महज दो रन पर पांच विकेट था।