ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
12वीं और ग्रेजुएशन के बाद छात्र-छात्राओं को केंद्र सरकार छात्रवृत्ति का अच्छा मौका दे रही है। अगर आप भी इसके लिए योग्यताएं पूरी करते हैं तो ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। देशभर में 82,000 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति दी जाएगी, जिनमें 41,000 छात्र और 41,000 छात्राएं शामिल होंगी। उत्तराखंड बोर्ड के 616 छात्र-छात्राओं को यह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर 2018 है।
केंद्र सरकार ने राज्यों के बोर्ड के हिसाब से छात्रवृत्तियां बांटी हैं। इसमें सीबीएसई बोर्ड से 12वीं करने वालों के लिए 5413 और आईसीएसई से 12वीं करने वालों के लिए 577 छात्रवृत्तियां भी शामिल हैं। यानी उत्तराखंड के जिन छात्रों ने इन बोर्ड से 12वीं पास की है, वे भी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं। ग्रेजुएशन करने के लिए 10,000 रुपये प्रतिवर्ष और ग्रेजुएशन के बाद पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए 20,000 रुपये प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति दी जाएगी।
--
ये योग्यताएं योग्यता
छात्रवृत्ति के लिए केवल वही छात्र या छात्रा आवेदन कर सकते हैं, जिनके परिवार की सभी स्त्रोतों से अर्जित वार्षिक आय छह लाख रुपये या इससे कम हो। इसके अलावा 12वीं में 80 परसेंटाइल से अधिक स्कोर होना चाहिए। छात्रवृत्ति में ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत, एससी के लिए 15 प्रतिशत, एसटी के लिए 7.5 प्रतिशत और दिव्यांग छात्रों के लिए पांच प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। जिन छात्रों को छात्रवृत्ति मिलेगी, उनके ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन के एग्जाम में 50 परसेंट या इससे अधिक अंक आने चाहिए। इसके अलावा कक्षा में उपस्थिति 75 प्रतिशत से अधिक होनी चाहिए। इन शर्तों को पूूरा नहीं किया तो छात्रवृत्ति प्रथम वर्ष के बाद द्वितीय वर्ष में नहीं मिलेगी।
--
ऐसे करें आवेदन
पहले केंद्र सरकार के स्कॉलरशिप पोर्टल पर जाएं। यहां होम पेज पर डिपार्टमेंट ऑफ हायर एजुकेशन का लिंक मिलेगा। इस पर क्लिक करें। इसके बाद सेंट्रल सेक्टर स्कीम ऑफ स्कॉलरशिप का लिंक खुलेगा। इसके सामने ही पूरे इंस्ट्रक्शन और अप्लाई करने का बटन होगा। इसे क्लिक करें। इसके बाद अपनी आईडी और पासवर्ड बनाएं। इसके आधार पर लॉगिन करें। इसके बाद आपका आवेदन स्वीकार कर लिया जाएगा। छात्रवृत्ति आवेदन के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन नंबर, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस जैसे कागजात होने जरूरी हैं।
--
यहां करें आवेदन : www.scholarships.gov.in/