पौड़ी। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से धुमाकोट बस हादसे के मृतक आश्रितों और घायलों के लिए एक करोड़ ढाई लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है, ताकि हर मृतक आश्रित को दो लाख एवं घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
पौड़ी जिले के धुमाकोट क्षेत्र में एक जुलाई को हुए बस हादसे में 48 लोगों की मौत हो गई थी और 13 लोग घायल हो गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने इस हादसे में मृतकों के प्रति शोक संवेदना जताई थी। अब प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मृतक आश्रितों एवं घायलों को राहत राशि दिए जाने में भी तत्परता दिखाई गई है। जिलाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से जनपद को एक करोड़ ढाई लाख रुपये की धनराशि मिल चुकी है। पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से मिली यह धनराशि जल्द मृतक आश्रितों एवं घायलों तक पहुंचा दी जाएगी। डीएम ने कहा कि इससे पहले परिवहन आयुक्त की ओर से मिली एक-एक लाख रुपये की मुआवजा राशि मृतक आश्रितों को एवं 10-10 हजार रुपये घायलों को दिए जा चुके हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष से भी एक-एक लाख रुपये की धनराशि मृतक आश्रितों को दी जानी है।
पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से धुमाकोट बस हादसे के मृतकों एवं घायलों के बारे में जानकारी मांगी गई थी। इसकी जानकारी देते ही पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से यह धनराशि जारी कर दी गई है। सात जुलाई को हमें यह धनराशि मिल चुकी है।
-सुशील कुमार, जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल