ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
पहले उत्तराखंड धन्यवाद कप में शुक्रवार को विकासनगर ने रुड़की की टीम को 175 रनों के विशाल अंतर से रौंद दिया। मैन ऑफ द मैच रहे लक्ष्य ने 98 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। दूसरे मैच में नौगांव वारियर्स ने दिल्ली की टीम को चार विकेट से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
रामराज क्रिकेट एकेडमी में शुक्रवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्रदर क्रिकेट क्लब विकासनगर ने निर्धारित 35 ओवर में 271 रन बनाए। लक्ष्य ने 82 गेंद में 98, रंजन ने 40 और समीर ने 24 रन बनाए। रुड़की के प्रशांत ने तीन और भानु व मयंक ने दो-दो विकेट चटकाए। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्यूचर क्रिकेट क्लब रुड़की की पूरी टीम 96 रनों पर सिमट गई। प्रशांत ने 25 रन बनाए। विकासनगर के सुमित ने तीन, असद-रघु ने दो-दो विकेट लिए। दूसरे मुकाबले में केडीसीए दिल्ली की टीम 17.3 ओवर में 66 रन पर ऑलआउट हो गई। अनिल ने 18 और नरेंद्र ने 15 रन बनाए। नौगांव के प्रद्युम्न ने चार, रोहित ने दो, पवन ने एक विकेट लिया। जवाब में नौगांव वारियर्स ने 15.4 ओवर में छह विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। विनीत ने 24, सुनील ने 15 और प्रद्युम्न ने 12 रन बनाए।