ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून आईएसबीटी के अलावा हरिद्वार, रुड़की, हल्द्वानी समेत राज्य के सभी प्रमुख बस अड्डों के पास से अवैध बसों के संचालन पर रोक लगाने के लिए अपर परिवहन आयुक्त सुनीता सिंह ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी आरटीओ को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इसके अलावा अपर परिवहन आयुक्त ने सभी आरटीओ से अवैध बसों के संचालन के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत सीज और चालान की गई बसों का ब्यौरा भी मांगा है।
बता दें परिवहन निगम के बस अड्डों के 500 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार के निजी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित है। इसी के तहत उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक दीपक जैन ने हरिद्वार, रुड़की, देहरादून कोटद्वार, हल्द्वानी समेत राज्य के ज्यादातर बस अड्डों के पास से बसों के अवैध संचालन होने की जानकारी अपर परिवहन आयुक्त को पत्र लिखकर दी थी। पत्र में अवैध बसों के संचालन से हर माह लाखों रुपये की चपत लगने, अवैध बसों के संचालन पर ठोस कार्रवाई नहीं होने आदि का जिक्र था। इसे गंभीरता से लेते हुए अपर आयुक्त परिवहन सुनीता सिंह ने देहरादून समेत सभी आरटीओ को कड़ा पत्र लिखा है। इसमें हरिद्वार-रुपैड़िया-नेपालगंज रूट के अलावा देहरादून-हरिद्वार-हल्द्वानी समेत सभी बस अड्डों के पास से संचालित निजी बसों को तत्काल सीज करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा किसी भी स्तर से लापरवाही मिलने पर संबंधित आरटीओ व एआरटीओ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के चेतावनी दी है।