सरखेत में 120 लोगों ने कराई मुफ्त स्वास्थ्य जांच
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
बांदल घाटी के सरखेत स्थित राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का 120 लोगों ने लाभ उठाया। श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों के लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ परामर्श दिया और आवश्यक दवाएं दीं। लोगों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी जांच भी मुफ्त की गई।
रविवार को शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान सरखेत आरती पंवार और श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के चिकित्सकों ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में सरखेत के साथ ही घंतू का सेरा, सीतापुर, कुमाल्डा क्षेत्र के लोगों ने भी स्वास्थ्य जांच कराई। श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के फिजिशियन डॉ. सौरभ अग्रवाल, डॉ. गौरव गुप्ता, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. माधुरी कैंतुरा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शौर्य सिंह, फिजियोथिरैपिस्ट डॉ. नीरज कुमार, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पीयूष चौधरी, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. नावेद अली, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. कुसुम डोगरा ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। चिकित्सकों ने लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में जानकारी भी दी।
शिविर के आयोजन में अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी सचिन, ग्रामीण सुमित्रा राणा, राखी, वर्षा कुमारी, बेलमती देवी, बिजेंद्र पंवार, राजेंद्र सिंह रावत, जय सिंह कैंतुरा, करन सिंह पंवार, हुकुम सिंह मनवाल, सत्यपाल कोटवाल आदि ग्रामीणों ने सहयोग दिया।
घायल का किया उपचार
रविवार सुबह डुमकोट निवासी शेखर (10) घर के पास खेलते समय गिरकर घायल हो गया। उसके मुंह पर चोट लगी और खून बहने लगा। परेशान परिजन उसे लेकर दून के लिए रवाना हुए। इसी बीच उन्हें अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से लगाए गए कैंप की जानकारी मिली। इस पर परिजन शेखर को लेकर कैंप में पहुंचे, जहां श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के चिकित्सकों ने बच्चे का उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे का खून बहना बंद हो गया।
24 को सुपर स्पेशलिटी कैंप
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 24 अप्रैल को सुपर स्पेशलिटी जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। दून अस्पताल के पास आरोग्य धाम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में गैस्ट्रो (पेट की बीमारियों), वीरियेट्रिक (मोटापा घटाने), कैंसर और अस्थि रोग जैसी बीमारियों के विशेषज्ञ लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे। साथ ही ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर जैसी जांचें भी मुफ्त की जाएंगी। अधिक जानकारी व पंजीकरण के लिए 0135-2719992 और 0135-2719995 पर संपर्क किया जा सकता है।