ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि चारों धामों को टेलीमेडिसिन से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री शनिवार को हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज लक्ष्मण चौक में लॉयंस क्लब देहरादून, श्री नारायणी डाइग्नोस्टिक्स एवं मारवाड़ी युवा मंच की ओर से आयोजित नि:शुल्क कैंसर जांच शिविर को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कैंसर से बचाव के लिए समय पर सचेत रहने की आवश्यकता जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में हर साल लगभग 25 लाख श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए आते हैं। इन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री एवं यमुनोत्री को टेलीमेडिसिन से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा पिछले एक साल में राज्य सरकार ने प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अनेक प्रयास किए हैं। 1100 से अधिक डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। वहीं 37 अस्पताल टेलीमेडिसिन एवं टेलीरेडियोलॉजी से जोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें तो बीमारियों का समाधान स्वयं कर सकते हैं। कैंसर से बचने के लिए समय पर सचेत होना जरूरी है। प्रारंभिक चरण में इस रोग का पता चलना जरूरी है। इस दौरान उन्होंने अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच को देशभर में कैसर के शिविर लगाने और कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करने के प्रयासों की सराहना की। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग सेंटर वैन का अवलोकन किया। शिविर में 500 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर में भाजपा नेता अनिल गोयल, विनय गोयल, सुनील उनियाल, नरेश बंसल, कार्यक्रम के संयोजक सुरेन्द्र अग्रवाल, अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के संजीव जैन आदि मौजूद रहे।